बुधवार, मार्च 21, 2007

आज श्रीलंका के लिये प्रार्थना करे,परसों इंडिया के लिये

बरमूडा के खिलाफ 257 रनों की जीत से टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप के सुपर 8 में प्रवेश की अपनी संभावनाएं बेहतर बना ली हैं, लेकिन उसे अभी कई बाधाएं पार करनी हैं। सबसे बड़ी बाधा है आखिरी ग्रुप मैच में श्रीलंका को मात देना। भारत को हर हाल में श्रीलंका को हराना होगा। उसके बाद भी मामला नेट रन रेट पर अटक सकता है। फिलहाल श्रीलंका, भारत और बांग्लादेश, तीनों के दो-दो अंक हैं। श्रीलंका और बांग्लादेश ने एक-एक मैच खेला है जबकि भारत ने दो मैचों के बाद इतने अंक हासिल किए हैं। नेट रन रेट सबसे अच्छा श्रीलंका का है 4.860, जबकि भारत का नेट रन रेट 2.507 और बांग्लादेश का -0.139 है। नेट रन रेट किसी टीम द्वारा बनाए गए रनों को खेले गए ओवरों से भाग देकर निकली संख्या में से उस टीम द्वारा दिए गए रनों में ओवरों का भाग देकर निकली संख्या को घटा कर निकाला जाता है। भारत-बरमूडा मैच के बाद जो तस्वीर उभरी है, उसके हिसाब से आगे 4 संभावनाएं बन सकती हैं।

संभावना : 1 श्रीलंका आज बांग्लादेश को हरा दे और भारत शुक्रवार को श्रीलंका को मात दे दे । उसके बाद बांग्लादेश आखिरी मैच में बरमूडा को हरा दे।

इस लिहाज से भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश तीनों के चार-चार अंक हो जाएंगे और सुपर-8 में पहुंचने वाली टीमों का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। बांग्लादेश पर जीत के बाद श्रीलंका का नेट रन रेट और बेहतर होगा और भारत भी श्रीलंका पर जीत से अपना नेट रन रेट और सुधार लेगा। बांग्लादेश का नेट रन रेट श्रीलंका से हार के बाद गिरेगा और उसे बरमूडा के खिलाफ इतना बेहतर करना होगा कि वह भारत से आगे निकल जाए। भारत के फायदे में होगा कि श्रीलंका बांग्लादेश को अच्छे अंतर से हराए।

संभावना : 2 बांग्लादेश अपने मैचों में श्रीलंका और बरमूडा दोनों को हरा दे और भारत भी श्रीलंका को मात दे दे।

बांग्लादेश भारत को हरा सकता है तो श्रीलंका और बरमूडा को क्यों नहीं? ऐसी स्थिति में बांग्लादेश 6 अंको के साथ पहले और भारत 4 अंको के साथ सुपर-8 में पहुंच जाएंगे, जबकि श्रीलंका सिर्फ 2 अंको के साथ बाहर हो जाएगा। इस स्थिति में भारत को नुकसान यह होगा कि वह सुपर-8 में खाली हाथ जाएगा, जबकि बांग्लादेश भारत पर जीत के कारण दो अंक लेकर वहां जाएगा। ऐसे में भारत सुपर 8 में पहले से ही कमज़ोर स्थिति में होगा। संभावना नंबर 1 में भारत श्रीलंका को हराने के कारण 2 अतरिक्त अंक लेकर जाएगा।

संभावना : 3 भारत और बांग्लादेश दोनों श्रीलंका से हार जाएं और बांग्लादेश ने बरमूडा को हरा देऐसी स्थिति में श्रीलंका 6 अंको के साथ पहले और बांग्लादेश 4 अंको के साथ सुपर-8 में पहुंच जाएंगे, जबकि भारत सिर्फ 2 अंको के साथ बाहर हो जाएगा। (भगवान से प्रार्थना करे कि ये बिल्कुल न हो)

संभावना : 4 अगर भारत और बांग्लादेश दोनों श्रीलंका से हार जाएं लेकिन बरमूडा बांग्लादेश को हरा दे
इसको संभावना के बजाय असंभावना कहना ज़्यादा सही होगा । भारत को हराने के बाद से बांग्लादेश के खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढा है। बरमूडा बांग्लादेश को हरा दे, यह तभी हो सकता है यदि मैच फिक्स हो या वे मैच खेल ही न पाएं। क्रिकेट अनिश्चितताओ का खेल है इसमे कुछ भी हो सकता है लेकिन अगर ऐसा हो तो भारत श्रीलंका से हारने के बाद भी सुपर 8 में जा सकता है क्योकि तब श्रीलंका के 6 अंक हो जाएंगे और भारत, बरमूडा और बांग्लादेश, तीनों के 2-2 अंक होंगे। लेकिन बांग्लादेशी टीम के फॉर्म को देखते हुए यह ख्याली पुलाव ही लगता है कि वह बरमूडा से हार जाएगी।
देखते है समय के गर्भ मे क्या छुपा है। मेरी शुभकामनाये टीम इंडिया के साथ है आशा है आप सब कि भी होगी।
(स्रोत: विभिन्न समाचार-पत्र)

2 टिप्‍पणियां:

Jitendra Chaudhary ने कहा…

बहुत अच्छा विश्लेषण।
भाई जी, आप अपनी पोस्ट मे इस साइट पर लिखा(दायें साइड मे एकदम नीचे) HTML code लगा लो, ताकि नारद पर क्रिकेट से सम्बंधित सारे लेख एक ही जगह पर आ सकें।

Unknown ने कहा…

गिरीश भाई प्रार्थना करने की जरूरत नहीं है मुझे इंडिया के सटोरियों पर पूरा भरोसा है, वे टीम को आगे पहुँचा कर रहेंगे । भैया यदि इंडिया आगे नहीं जायेगा तो जूते, कपडे, कॊक कैसे बिकेगा ? यदि बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाडियों का देशप्रेम जाग जाये और वे "सेट" नहीं हो पाये< तो और बात है... वरना सहवाग को रन बनाना ही है... भैया करोडों का सवाल है... जय सटोरिया नमः